लाइव पलामू न्यूज/ मेदिनीनगर : बुधवार की दोपहर के बाद छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए जिले के जवान महिमानंद शुक्ला के घर सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे। इस दौरान सीआरपीएफ के डीजी के साथ झारखंड सेक्टर के आईजी साकेत सिंह, झारखंड एडीजी अमोल वी होमकर, आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी वाईएस रमेश, सीआरपीएफ डीआईजी पंकज कुमार, पलामू एसपी रीष्मा रमेशन भी मौजूद थें। सभी पदाधिकारियों ने शहीद के घर पर श्रद्धांजलि दी।


उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए लैंड माइंस विस्फोट में पलामू के लाल महिमानंद शुक्ला गंभीर रूप से जख्मी हुए थें। इस विस्फोट में उनके दोनों पैर उड़ गए थें। जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें रायपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उनका निधन हो गया था।

देश की ओर से है श्रद्धांजलि:- 

इस दौरान डीजी ने शहीद महिमानंद शुक्ला के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने करीब 20 मिनट तक बच्चों से बातचीत की और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। शहीद महिमानंद की बेटी ने आईजी को बताया कि वह फैशन डिजाइनर बनना चाहती है। इस दौरान झारखंड सेक्टर के आईजी साकेत कुमार सिंह ने अपना नंबर परिजनों को दिया।

मौके पर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हेड कॉन्स्टेबल महिमानंद शुक्ला को यह देश की तरफ से श्रद्धांजलि है। दुख की घड़ी में सीआरपीएफ उनके साथ खड़ी है। कोई भी समस्या हो उसका समाधान किया जाएगा।

नहीं जा पाए बूढ़ा पहाड़:-

हेड कॉन्स्टेबल महिमानंद शुक्ला को श्रद्धांजलि देने के बाद डीजी सीआरपीएफ को बूढ़ापहाड़ जाना था। लेकिन चाईबासा में हुई घटना के कारण डीजी पलामू देर से पहुंचे इस कारण वे बूढ़ापहाड़ नहीं जा पाए।