CRIME NEWS : विगत दिनों हुसैनाबाद BRC के चौकीदार रामदेव ठाकुर की हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। चौकीदार की हत्या साइकिल चोरी के साक्ष्य को छुपाने हेतु की गई थी।

आराेपिताें में मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के भजनिया गांव का सनोज डोम 28 वर्ष, हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के महुअरी गांव का बिगू डोम 48 वर्ष और योगेंद्र डोम 28 वर्ष, बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत माली थाना क्षेत्र के पांडेय करमा गांव का सोनू डोम 20 वर्ष का नाम शामिल हैं।
क्या कहते हैं एएसपी:-
गिरफ्तार सभी आरोपित हुसैनाबाद नगर पंचायत के सफाईकर्मी हैं, जो बीआरसी कॉलोनी के पीछे रहते हैं। गुरुवार को अभियान एएसपी राकेश कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि विगत 17 मार्च की रात को हुसैनाबाद बीआरसी के छत पर सोए रात्रि प्रहरी (चौकीदार) रामदेव ठाकुर की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी थी।
मामले में हुसैनाबाद थाना में प्रखथमिकी दर्ज की गई थी। जिसके बाद हुसैनाबाद एसडीपीओ एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। जांच के दौरान मिले सुराग के बाद सिंचाई विभाग नहर कॉलोनी से योगेंद्र डोम को हिरासत में लिया गया।
चौकीदार को लग गई थी चोरी की भनक :-
पूछताछ में उसने चौकीदार रामदेव ठाकुर की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए सहयोगियों सनोज डोम, बिगू डोम और सोनू डोम का नाम बताया। उसने बताया कि बीते 15 मार्च को चारों ने मिलकर दो साइकिल की चोरी की थी। जिसकी भनक रामदेव ठाकुर को लग गई थी।
16 मार्च की शाम को रामदेव ठाकुर ने उन लोगों को चोरी की साइकिल लाकर रख देने और ऐसा नहीं करने पर पुलिस को सूचना देने की बात कही थी। जिसके बाद चारों ने योजना बनाकर 17 मार्च की रात बीआरसी की छत पर सोए रामदेव ठाकुर की बलुआ और लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बलुआ और लाठी को बरामद कर लिया है।