रांची : मंगलवार की दोपहर राजधानी रांची की पॉश कॉलोनियों में शामिल पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित सेल सिटी में अचानक हुए जोरदार धमाके से अफरातफरी मच गई। दरअसल, ब्लॉक E-1 के एक फ्लैट में रसोई गैस सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ, जिसकी गूंज से पूरी सोसाइटी दहल उठी। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे।

घटना दोपहर के समय हुई, जब पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के फ्लैट्स की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। कुछ देर के लिए लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। ब्लास्ट के तुरंत बाद फ्लैट से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं और कुछ ही मिनटों में पूरा घर आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। धमाके की आवाज सुनते ही सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और निवासी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।घटना की सूचना पर स्थानीय पुंदाग ओपी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि आग अन्य फ्लैटों तक फैलने से पहले ही नियंत्रित हो गई। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *