धावाडीह करमा में 20 कट्ठा से अधिक भूमि पर खेती प्रभावित
सतबरवा (पलामू): सतबरवा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धावाडीह स्थित श्रीबास करमा आहर का बांध जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन परियोजना कार्य के दौरान विगत मई महीने में ठेकेदार द्वारा काट दिया गया था। बांध की मरम्मत अब तक नहीं होने के कारण लगभग 20 कट्ठा से अधिक कृषि भूमि सिंचाई से वंचित हो गई है।

समाजसेवी चंचल यादव ने बताया कि बरसात के दौरान आहर में जमा पानी किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख जरिया था,लेकिन इस वर्ष बांध कट जाने के कारण आहर में पानी का ठहराव नहीं हो सका जिस कारण प्रभावित किसान कृषि कार्य नहीं कर पा रहे हैं।
इस भूमि पर मुख्य रूप से सईंच यादव, बीपत यादव, रूपदेव यादव, ओम प्रकाश यादव, जितेश्वर बैठा, देयाली यादव सहित कई किसान खेती करते हैं, जो अब जल संकट के कारण धान की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। क्षेत्र में बारिश के बावजूद खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस बांध की मरम्मत शीघ्र कराई जाए ताकि खेती योग्य भूमि फिर से सिंचित हो सके और किसानों की आजीविका सुरक्षित रह सके।