लाइव पलामू न्यूज: रविवार, 9 फरवरी को कटक के बाराबती स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे वनडे से पहले शनिवार को भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने श्री जगन्नाथ पुरी धाम के दर्शन किए। वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल सहित टीम के मेंबर्स मंदिर पहुंचे।

कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह-सुबह सभी खिलाड़ी मंदिर पहुंचे। जहां श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। खिलाड़ियों को बहेराणा द्वार से होते हुए रत्न सिंहासन तक ले जाया गया, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना की।
मंदिर में दर्शन के बाद खिलाड़ियों नेआभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि जगन्नाथ मंदिर को धरती का बैकुंठ माना जाता है। यह मंदिर हिंदुओं के चार धामों में से एक है। मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ की मूर्ति में भगवान श्रीकृष्ण का हृदय है। यहां की रथ यात्रा पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण एकदिवसीय मैच से भारतीय टीम मात्र एक दिन दूर है। बता दें कि इससे पहले भारत ने 6 फरवरी को इंग्लैंड को चार विकेट से हराया था। इसके साथ ही तीन मैच की वनडे सीरीज में भारत ने 1-0 से बढ़त बना ली।