डॉ कौशल ने संवाद में पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण धर्म के बारे में दी कई रोचक जानकारियां
मेदिनीनगर : झारखंड के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रांची के होटल बीएनआर चाणक्या में आयोजित सिल्वर जुबली समारोह में दिल्ली दूरदर्शन के डायरेक्टर पंकज पांडेय ने पर्यावरणविद् डॉ. कौशल किशोर जायसवाल को “झारखंड अवार्ड” से सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया।

इस अवसर पर वनराखी मूवमेंट के प्रणेता व ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से विख्यात डॉ. कौशल ने राज्यपाल, राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर तथा पूर्व गृह मंत्री सुदेश महतो को हिमाचल प्रदेश का कपूर का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
1977 से निजी संसाधनों से वनराखी मूवमेंट संचालित :
समारोह में डॉ. कौशल ने “पर्यावरण धर्म” की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए देशवासियों से इसे जीवनचर्या में अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्ष 1967 से वे निशुल्क पौध वितरण एवं रोपण अभियान चला रहे हैं तथा 1977 से निजी संसाधनों से वनराखी मूवमेंट संचालित कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में अब तक देश-विदेश के 25 राज्यों के 171 जिलों में 55 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और 23 लाख वृक्षों पर रक्षाबंधन किया गया है।
डॉ. कौशल द्वारा पलामू के कौशल नगर (डाली बाजार) में निर्मित पर्यावरण धर्म ज्ञान मंदिर का उद्घाटन 12 फरवरी 2026 को अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविदों की उपस्थिति में हुआ। जलवायु परिवर्तन विषयक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
“झारखंड मैन ऑन मिशन” शीर्षक से स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल :
डॉ. कौशल की जीवनी “झारखंड मैन ऑन मिशन” शीर्षक से स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल है तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उनके कार्यों पर प्रश्न पूछे जाते हैं। उल्लेखनीय है कि यह डॉ. कौशल को इस वर्ष का तीसरा तथा जीवन का 80वां सम्मान है, जिनमें 10 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी शामिल हैं। सम्मान मिलने पर उनके समर्थकों और परिवार में हर्ष का माहौल है।