हजारीबाग: जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लापरवाही के कारण मां और उसके पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। घटना के पीछे का कारण ओटी रूम में ओटी बेड से मरीज के गिरना बताया जा रहा है।

परिजन जहां अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगा रहे हैं तो वहीं अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के परिजनों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चांदनी कुमारी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बीती रात चांदनी कुमारी को प्रसव पीड़ा हुई थी।
उसे ओटी रूम में ले जाया गया था। जहां वह ओटी बेड से फर्श पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां से परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में आकर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।