गढ़वा : बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने गढ़वा स्थित मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने जेल के प्रत्येक वार्ड का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैदियों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान उपायुक्त ने मंडल कारा के अस्पताल वार्ड का भी निरीक्षण किया तथा वहां भर्ती कैदी मरीजों से उनका हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल वार्ड में उपलब्ध दवाइयों, उपचार की स्थिति और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया।

निरीक्षण के दौरान जेल परिसर एवं सेल की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। कैदियों ने उपायुक्त को बताया कि उन्हें जेल प्रशासन द्वारा भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं संतोषजनक रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके उपरांत उपायुक्त ने मंडल कारा के वीसी रूम, मुलाकाती कक्ष, लाइब्रेरी सहित अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि कैदियों की रुचि के अनुरूप लाइब्रेरी में और अधिक प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद पुस्तकों को जोड़ा जाए, ताकि वे अपने सुधार एवं आत्म-विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जेल सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तृत जानकारी ली और सुरक्षा तंत्र को और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा-सह-अधीक्षक मंडल कारा संजय कुमार, जेलर मेहसाद आलम सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *