चतरा : शुक्रवार को उपायुक्त कीर्तिश्री ने हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हिन्दू, बौद्ध एवं जैन धर्मों के संगम स्थल, लगभग 1575 फीट की ऊँचाई पर स्थित कालेश्वरी पर्वत पर अवस्थित मंदिर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं मंदिर के पुजारियों से संवाद कर स्थल से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

स्थानीय लोगों द्वारा पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, शौचालय एवं संपर्क सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से उपायुक्त को अवगत कराया गया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कालेश्वरी पर्वत पर स्थित तालाब की नियमित साफ-सफाई, निर्बाध पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में पर्वत पर चढ़ने वाली सीढ़ियों के चौड़ीकरण एवं मरम्मती कार्य पर भी चर्चा की गई। वहीं पुजारियों द्वारा बताया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन एवं ठहराव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इस पर उपायुक्त ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉटेज निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाओं से संबंधित सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया।

ये रहे उपस्थित :

उक्त अवसर पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरव निखिल, अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *