मेदिनीनगर : केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस द्वारा समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों,पंचायतों एवं गांवों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण के बारे में जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से आमजनों एवं लाभुकों को यह जानकारी दी जाएगी कि सामाजिक अंकेक्षण के दौरान पंचायत/ग्राम स्तर पर लाभुकों का भौतिक सत्यापन एवं दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

इसके लिए लाभुकों को अपने साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, दिव्यांग प्रमाण पत्र (जहां लागू हो) एवं बैंक पासबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा।जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाते हुए सही लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूकता रथ के माध्यम से दी जा रही जानकारी का लाभ उठाएं और सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन समेत अन्य मौजूद रहे।