MEDININAGAR : मंगलवार को उपायुक्त सह जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी के अध्यक्ष शशि रंजन ने विद्यालय के मिड डे मिल के संचालन को लेकर बैठक की। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत विद्यालय द्वारा आच्छादित विद्यार्थियों की संख्या की जांच अब कमिटी द्वारा की जाएगी।

विद्यार्थियों के अच्छादन की कमियों को लेकर कमेटी की रिपोर्ट उपरांत संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इसके लिए उपायुक्त ने दो अलग-अलग कमेटी बनाई है। पहली कमेटी में जिला शिक्षा अधीक्षक, नजारत उप समाहर्ता एवं बीईईओ तथा दूसरी कमेटी में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सामान्य शाखा प्रभारी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक को रखा गया है।
इस बैठक में उपायुक्त ने मध्याह्न भोजन की उपलब्धता, समयावधि, मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन देने की व्यवस्था, विद्यालयों में कार्यरत योग्य रसोईया-सह-सहायिका का आयुष्माण भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से अच्छादित किए जाने की प्रगति की समीक्षा की।
डीसी ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विद्यालय में विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति (एसडी.एमआईएस) दर्ज कराने पर ही प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित बीपीओ का वेतन भुगतान किया जायेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, बीईईओ, बीपीओ, बीपीएम एवं मध्याह्न भोजन से संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थें।