मेदिनीनगर : आगामी नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस. की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने चुनाव हेतु गठित सभी कोषांगों के प्रभारियों को “स्टैंड बाय मोड” में रहने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने विशेष रूप से कार्मिक कोषांग को सभी आवश्यक तैयारियों को अद्यतन रखने पर बल दिया। उन्होंने चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक मानव बल का आकलन कर उसके अनुरूप डेटाबेस तैयार रखने का निर्देश दिया। वहीं वाहन कोषांग के पदाधिकारियों को चुनाव के लिए आवश्यक वाहनों का आकलन करने तथा मतपेटिका एवं मतपत्र से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने को कहा।

इसके अलावा निर्वाचन व्यय कोषांग एवं सामग्री कोषांग को भी समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी कोषांग प्रभारियों से अपने-अपने स्तर पर चुनाव मोड में आते हुए तैयारियों का समुचित आकलन करने और समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।

बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, सदर एसडीओ सुलोचना मीणा, सहायक समाहर्ता हिमांशु कुमार, नगरपालिका उप निर्वाचन पदाधिकारी रतन सिंह सहित विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *