चतरा : गुरुवार को उपायुक्त कीर्तिश्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सदर अस्पताल, चतरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा की। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल :
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) अंतर्गत संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, जीवन तरंगिनी एम्बुलेंस सेवा हेतु टोल फ्री नंबर उपलब्ध कराने, HPV वैक्सीनेशन, टीबी उन्मूलन अभियान एवं E-Sanjeevani टेली कंसल्टेशन की प्रगति में सुधार लाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, कुपोषित बच्चों (SAM/MAM) की पहचान एवं उपचार हेतु MTC सेवाओं के प्रभावी उपयोग, पोषण सखी एवं ANM के माध्यम से नियमित स्क्रीनिंग तथा फाइलेरिया उन्मूलन हेतु 20 अप्रैल से 5 मई 2026 तक संचालित होने वाले Focal MDA अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।
मरीजों से किया संवाद :
समीक्षा बैठक के उपरांत उपायुक्त ने सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा मरीजों से संवाद कर उन्हें प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित :
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, उपाधीक्षक डॉ. पंकज सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।