चतरा : जिले में प्रस्तावित नव जेल एवं मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री ने सदर प्रखंड अंतर्गत चंगेर एवं पावो गांव स्थित चिन्हित भूमि का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि की स्थिति, भौगोलिक उपयुक्तता, अभिगम मार्ग, आसपास की आबादी, सरकारी मद की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थें।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए यथा चिन्हित भूमि के स्वामित्व, अतिक्रमण रहित स्थिति एवं रकबा की पुष्टि शीघ्र की जाए। तकनीकी मानकों के अनुरूप स्थल की उपयुक्तता का आकलन किया जाए। प्रस्तावित स्थल तक सुलभ मार्ग, जल निकासी एवं विद्युत आपूर्ति की संभावनाओं की रिपोर्ट तैयार की जाए। यदि भूमि उपयुक्त पाई जाती है, तो प्रस्ताव संबंधित विभाग को अग्रसारित किया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि “जेल जैसी संरचनाओं का निर्माण सुरक्षा, अधोसंरचना एवं प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार किया जाना अति महत्वपूर्ण है। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रस्तावित स्थल दीर्घकालिक उपयोग के लिए उपयुक्त हो।”

उल्लेखनीय है कि वर्तमान जेल परिसर की सीमा एवं संरचना सीमित हो जाने के कारण नव जेल की आवश्यकता को देखते हुए सरकार गंभीर है, जिसे लेकर प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *