चतरा : भव्य स्वरूप में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव (19, 20 एवं 21 फरवरी) के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री ने इटखोरी स्थित भद्रकाली मंदिर परिसर एवं मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच, पंडाल, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात उपायुक्त की अध्यक्षता में भद्रकाली मंदिर परिसर में मंदिर प्रबंधन के सम्मानित सदस्यों, मंदिर प्रबंधन न्यास बोर्ड एवं मां भद्रकाली रैयत संघ के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजकीय इटखोरी महोत्सव को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

मंदिर परिसर के रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र करें प्रारंभ

उपायुक्त द्वारा उपस्थित सदस्यों से आयोजन को बेहतर बनाने हेतु अपने-अपने सुझाव साझा करने का आग्रह किया गया। साथ ही पूर्व में आयोजित राजकीय इटखोरी महोत्सव के दौरान किए गए कार्यों की बिंदुवार जानकारी भी प्राप्त की गई।

उपायुक्त ने मंदिर परिसर के रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसको लेकर स्वास्थ्य टीम को एक्टिव मोड में रखने, पर्याप्त पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शीघ्र ही कलाकारों की सूची होगी सार्वजनिक : 

उन्होंने राजकीय इटखोरी महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस भव्य आयोजन के साक्षी बनें, इसके लिए सभी माध्यमों से प्रचार किया जाए। उपायुक्त ने बताया कि महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की चयन प्रक्रिया जारी है।

शीघ्र ही कलाकारों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। वहीं 19 एवं 20 फरवरी को बक्सा डैम में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के आयोजन को लेकर भी जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस दौरान उन्होंने कीर्तिश्री ने भदलपुर इटखोरी स्थित शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं तैयारियों की संक्षिप्त समीक्षा की।

मौके पर उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी बिनता कुमारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी कैलाश राम, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *