गढवा : समाहरणालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपायुक्त ने बारी- बारी से फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर लोग उपस्थित हुए।

उक्त कार्यक्रम में सर्वप्रथम रमना प्रखंड के गौरी देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए भूमि अधिग्रहण के विरुद्ध मुआवजा की राशि दूसरे व्यक्ति को देने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण निर्माण के अंतर्गत संरचना सहित उनकी भूमि अधिग्रहित की गई है, जिसका मुआवजा राशि उन्हें नहीं मिला है।

रंका प्रखंड के खरडीहा निवासी प्रमोद कुमार यादव ने क्रय किए गए भूमि का नामांतरण अंचल कार्यालय रंका द्वारा नहीं किए जाने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि वैध तरीके से क्रय किए गए भूमि के नामांतरण करने संबंधी आदेश भूमि सुधार उपसमाहर्ता, रंका द्वारा प्राप्त है। इसके बावजूद भी अंचल अधिकारी रंका द्वारा नामांतरण की प्रक्रिया नहीं की जा रही है।
सदर प्रखंड के कोरवाडीह निवासी गुलशन तारा ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने ही मोहल्ले के तौफीक अंसारी के विरुद्ध सरकारी चापानल का उपयोग नहीं करने दिए जाने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि सरकारी चापानल को तौफीक अंसारी द्वारा चारदीवारी बनाकर अपने कब्जे में कर लिया गया है तथा इसका उपयोग किसी को नहीं करने दिया जा रहा है।
नगर उंटारी के गंगटी निवासी उमाशंकर कुशवाहा ने अपने आधार कार्ड में आवश्यक सुधार कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से वे अपने आधार कार्ड में सुधार कराने हेतु प्रज्ञा केंद्र एवं अन्य संबंधित आधार केंन्द्रो में प्रयास किया है परंतु आधार कार्ड में सुधार नहीं हो सका है, जिसके चलते उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी प्रकार बारी-बारी से लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री यादव द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिया।