गढ़वा : मंगलवार को उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी एवं उसके निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनता दरबार में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर ग्रामीण उपस्थित हुए थें।

सगमा प्रखंड के ग्राम दुसैया निवासी बसंती देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए फर्जी तरीके से आंगनबाड़ी सेविका का चयन करने की शिकायत की है। वहीं नगर परिषद गढ़वा निवासी किरण तिर्की ने आवेदन देकर पति स्वर्गीय मार्टिन कच्छप का मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके पति मार्टिन कच्छप की मृत्यु होने के उपरांत मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु नगर परिषद कार्यालय गढ़वा में दिनांक 16 मई 2025 को आवेदन किया गया था। परंतु इतने दिनों के बाद भी नगर परिषद कार्यालय गढ़वा द्वारा उनके पति का मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया गया है जिसके कारण उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं नगर ऊंटारी प्रखंड के ग्राम बिलासपुर निवासी बासमती कुंवर ने आवेदन समर्पित करते हुए सड़क निर्माण में अपने भूमि को अधिग्रहीत करने के विरुद्ध मुआवजा भुगतान नहीं होने की बात कही है।
रमना प्रखंड के करचा निवासी भोला प्रजापति ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने ही गांव के सहवीर राम महरा पर भूमि हड़पने एवं जान माल की क्षति पहुंचाने हेतु धमकी देने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि सहवीर राम महरा द्वारा उनके पिता की मृत्यु उपरांत फर्जी केवाला तैयार करते हुए उन्हें उनकी भूमि से हटने को कहा जा रहा है एवं विरोध करने पर जान माल की क्षति पहुंचाने की धमकी दी जा रही है।