मेदिनीनगर : जिले में विद्यालयों द्वारा री-एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से अवैध शुल्क वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि किसी भी विद्यालय में इस नाम पर किसी प्रकार का शुल्क लिया गया तो संबंधित संस्थान पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा के अधिकार के तहत छात्रों से अनावश्यक शुल्क लेना पूरी तरह गलत है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे नियमों का पालन सुनिश्चित करें और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न डालें।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा पुनः नामांकन के नाम पर शुल्क मांगा जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें।