चतरा : विकास भवन स्थित जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डेन-सह-शिक्षिका तथा लेखापाल-सह-कम्प्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थें।

बैठक के दौरान ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर छात्रों की कम उपस्थिति दर्ज होने पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में पोर्टल पर नियमित उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही है, उनके प्रधानाध्यापकों के साथ प्रखण्ड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी बैठक में 80 प्रतिशत से कम उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक माह विद्यालयों में “मिनी रेल परीक्षा” आयोजित कराने का भी निर्देश दिया।
जिन विद्यालयों में हिन्दी, अंग्रेजी एवं गणित विषय में 40 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त हो रहे हैं, उनके प्रधानाध्यापकों के साथ अनुमंडल पदाधिकारी, चतरा एवं सिमरिया तथा उप विकास आयुक्त द्वारा समीक्षा की जाएगी। साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों से कारण पृच्छा करते हुए कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष रिमेडियल कक्षाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालयों में दर्ज उपस्थिति तथा ई-विद्यावाहिनी पोर्टल में दर्ज उपस्थिति का तुलनात्मक विवरण अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। जिन विद्यालयों में दोनों आंकड़ों में अंतर पाया जाएगा, उन्हें चिन्हित कर समीक्षा की जाएगी तथा कारणों की जांच की जाएगी।
इसके अतिरिक्त बी.आर.पी. एवं सी.आर.पी. द्वारा शैक्षणिक अनुश्रवण के दौरान दिए गए सुझावों पर सुधार नहीं करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षण व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाना प्राथमिकता है और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नामांकन को लेकर जिला स्तरीय नामांकन समिति की बैठक 23 मार्च को निर्धारित की गई है। इस संबंध में पोर्टल पर पंजीकृत छात्राओं के सत्यापन के लिए प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को पत्र भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि सत्र प्रारंभ होते ही नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कर छात्राओं की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू कराई जा सके।
बैठक के दौरान सभी प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मार्च माह में उपलब्ध राशि का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यय नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राज्य रेल से संबंधित आंकड़ों को सभी विद्यालयों द्वारा शत-प्रतिशत पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राकेश पाण्डेय, उप विकास आयुक्त सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थें।