मेदिनीनगर : राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य देवेश तिवारी ने पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं के प्रति अपना आभार प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय से प्राप्त पत्र के माध्यम से यह सूचना मिली कि उन्हें झारखंड राज्य हेतु राज्य स्तरीय दिशा समिति में “प्रतिष्ठित व्यक्ति” श्रेणी के अंतर्गत सदस्य नियुक्त किया गया है।

यह पद क्लास-1 अधिकारी के समकक्ष होता है, जो उनके लिए अत्यंत गर्व एवं सम्मान की बात है। उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय दिशा समिति केंद्र सरकार के 34 मंत्रालयों की 97 प्रमुख योजनाओं के समन्वय एवं प्रभावी निगरानी का कार्य करती है।

इस समिति के अध्यक्ष संबंधित राज्य के मुख्यमंत्री होते हैं, जबकि मुख्य सचिव इसके सदस्य सचिव के रूप में कार्य करते हैं। समिति में पक्ष-विपक्ष के सांसद, विधायकगण, सचिव स्तर के अधिकारी तथा विशिष्ट व्यक्ति सदस्य होते हैं।

देवेश ने कहा कि उनके लिए यह दायित्व न केवल व्यक्तिगत सम्मान का विषय है, बल्कि युवाओं की भागीदारी के माध्यम से “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम भी है। यह माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र को आगे बढ़ाने का अवसर है।

उन्होंने आगे कहा कि यह बताते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि महज 26 वर्ष की आयु में, मैं भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के अधीन आने वाले किसी भी आयोग/बोर्ड/समिति में नियुक्त होने वाला सबसे युवा सदस्य बना हूँ।

मुझे जो यह विश्वास एवं जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके लिए मैं पुनः सभी नेतृत्वकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूँ और यह विश्वास दिलाता हूँ कि मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से झारखंड सहित देश के ग्रामीण विकास में सकारात्मक योगदान दूँगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *