LIVE PALAMU NEWS DESK : एक्टर रणवीर सिंह, आर माधवन और संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ रिलीज होने से पहले ही विवादों में घिरती नजर आ रही है। सिख समुदाय ने फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि फिल्म में सिख समुदाय की छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियो द्वारा निर्मित, ‘धुरंधर द रिवेंज’ 19 मार्च को पांच भाषाओं – हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले 18 मार्च को फिल्म का पेड-प्रीव्यू रखा गया है।
दरअसल, महाराष्ट्र के एक सामाजिक कार्यकर्ता विक्की थॉमस सिंह ने फिल्म के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर और सिख कैरेक्टर निभाने वाले एक्टर रणवीर सिंह के खिलाफ सीबीएफसी और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लीगल नोटिस देते हुए कहा है कि सिख समुदाय तंबाकू नहीं खाता है और सिख धर्म में तंबाकू और धूम्रपान का सख्त निषेध है।
ऐसे में फिल्म में इस तरह का सीन दिखाना न केवल धार्मिक रूप से असंवेदनशील है, बल्कि ये पूरे सिख समुदाय की आस्था का अपमान भी है। विक्की का कहना है कि फिल्म से सिख को धूम्रपान करते दिखाने वाले सभी दृश्य तुरंत हटाए जाएं। साथ ही फिल्म से जुड़े पोस्टर, ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री से भी ऐसे दृश्य हटाए जाएं।
नोटिस में फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ से ईशनिंदात्मक, आपत्तिजनक और धार्मिक रूप से असंवेदनशील सामग्री तत्काल हटाने को कहा गया है। वहीं सार्वजनिक रूप से सिख समुदाय से माफी मांगने के लिए भी कहा गया है।
बता दें कि फिल्म में रणवीर सिंह जसकीरत सिंह रंगी नामक जासूस का रोल प्ले करते नजर आएंगे जो हमजा अली बनकर पाकिस्तान में मौजूद दुश्मनों के बीच रहकर उनकी जानकारी भारत को देता है। बात करें फिल्म के पहले पार्ट की तो उसमें दिखाया गया था कि जसकीरत सिंह रंगी एक कैदी है, जिसे प्रशिक्षित करने के बाद भी पाकिस्तान भेजा गया। फिल्म के दूसरे पार्ट में जसकीरत सिंह रंगी की जिंदगी से जुड़े कई राज खुलेंगे।