लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: आगामी 13 नवंबर को जिले में मतदान होना है। इस दौरान शत-प्रतिशत मतदान कराने हेतु स्वीप के अंतर्गत कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को शहर छह मुहान से समाहरणालय तक दिव्यांगजनों ने मतदाता जागरुकता रैली निकाली।

इसे पीडब्ल्यूडी कोषांग के नोडल पदाधिकारी सेवाराम साहू व जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, दिव्यांगजन आइकॉन अविनाश कुमार तिवारी व लोकसभा चुनाव-2024 के दिव्यांगजन आइकॉन सह ब्रांड एंबेसडर पवन कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में 60 से अधिक दिव्यांग पैदल, ट्राई साईकल, मोपेड, बैसाखी व अन्य माध्यमों से समाहरणालय परिसर पहुंचे।

इस दौरान सभी लोग मतदाता जागरुकता से संबंधित पोस्टर, बैनर और नारे लगाते नजर आये। उन्होंने लोगों से अपील की कि 13 नवंबर को मतदान अवश्य करें। मौके पर पीडब्ल्यूडी कोषांग के जिला आइकॉन अविनाश कुमार तिवारी ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन-2024 में 60 फीसदी से अधिक मतदान दिव्यांगजनों द्वारा किया गया था। इस विधानसभा चुनाव में हमारा प्रयास है कि 75 फीसदी से अधिक दिव्यांग मतदाता अपना मताधिकार का प्रयोग करें।

इस दौरान समाहरणालय परिसर में मटकाफोड़, गुलेल से निशानेबाजी एवं ग्लास का मीनार निर्माण आदि प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *