गढ़वा : गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में जिला अनुकंपा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान किए जाने से संबंधित आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान समिति के समक्ष कुल 6 आवेदनों की जांच की गई। जांच के क्रम में पाया गया कि कई प्रस्ताव विभागीय पत्र द्वारा निर्धारित विहित प्रपत्र में उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। साथ ही विहित प्रपत्र-2 में रिक्तियों की सूचना एवं कार्यालय प्रधान की स्पष्ट अनुशंसा का अभाव पाया गया।

इस पर समिति ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित कार्यालय प्रधानों से आवश्यक पत्राचार कर पूर्ण एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा अगली बैठक में आवेदकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। स्पष्ट अनुशंसा एवं आवश्यक सूचनाओं के अभाव में इन छहों आवेदनों पर अंतिम निर्णय अगली बैठक तक स्थगित रखा गया।

चार कर्मियों को सेवासंपुष्टि प्रदान

बैठक में चार कर्मियों को सेवासंपुष्टि अनुमोदित की गई, जिनमें सुजीत महतो, निम्न वर्गीय लिपिक, प्रखंड कार्यालय बड़गड़, रोहित कुमार यादव, अनुसेवक, अनुमंडल कार्यालय श्रीबंशीधर नगर, संदीप कुमार गुप्ता, राजस्व उप निरीक्षक, अंचल कार्यालय कंडी, राम रक्षा सिंह, राजस्व उप निरीक्षक,अंचल कार्यालय रमना का नाम शामिल था।

ये रहे उपस्थित:

बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी रंका रूद्र प्रताप, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीबंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, स्थापना उप समाहर्ता देवानंद राम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *