चतरा : शनिवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा में “स्कूल रूआर–2026” अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय अभिमुखीकरण सह समीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 09 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य जिले के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा उनकी नियमित उपस्थिति को सुदृढ़ करना है।

कार्यक्रम में उपायुक्त कीर्तिश्री जी, उप विकास आयुक्त, विधायक सिमरिया उज्ज्वल कुमार दास, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती ममता कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मो. एजाजुल हक द्वारा किया गया। इस अवसर पर Room to Read, Piramal Foundation, C3 एवं संपर्क संस्था सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी रही।

कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा “स्कूल रूआर–2026” अभियान के उद्देश्यों, लक्ष्य समूह एवं कार्यान्वयन रणनीतियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। बताया गया कि शिशुपंजी/डहर ऐप के माध्यम से चिन्हित अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा, साथ ही 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रस्तुति में अवगत कराया गया कि विद्यालय स्तर पर यह अभियान 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष रूप से संचालित होगा। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों से 5+ आयु वर्ग के बच्चों का प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन, विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन, कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों की अगली कक्षा में प्रोन्नति एवं नामांकन तथा ई-विद्यावाहिनी पोर्टल के माध्यम से नियमित उपस्थिति का अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला स्तर पर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर बल दिया गया। प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर स्पष्ट जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए डोर-टू-डोर संपर्क, अभिभावकों से संवाद, नामांकन अभियान, विशेष गतिविधियों के आयोजन एवं नियमित अनुश्रवण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

विद्यालयों में 16 दिवसीय गतिविधि आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी जानकारी दी गई, जिसमें नामांकन अभियान, स्वच्छता, खेल-कूद, जागरूकता कार्यक्रम, बाल संसद एवं माता समिति की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने पर फोकस किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागों को समन्वित प्रयास के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए प्रत्येक पदाधिकारी को कम से कम दो विद्यालयों का भ्रमण कर अभियान को गति प्रदान करने को कहा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

उप विकास आयुक्त ने अनुश्रवण एवं दस्तावेजीकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों एवं प्रखंडों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *