लातेहार: गुरुवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय, नगर भवन लातेहार में पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता रामा रविदास, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रेयांस एवं उपस्थित अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायती राज कार्यालय के तत्वाधान में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य पंचायत स्तर पर उन्नति और कार्यों में सुधार के लिए अधिकारियों को प्रोत्साहित करना था। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने बताया कि पंचायत उन्नति सूचकांक एक परिवर्तनकारी उपकरण है जो देशभर की 2.5 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों की प्रगति को मापने के लिए तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह सूचकांक स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्य (SDG) के तहत नौ प्रमुख विषयों पर पंचायतों के प्रदर्शन को आंकता है — जैसे गरीबी मुक्त और आजीविका उन्नत पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल-अनुकूल पंचायत, जल-पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक रूप से न्यायसंगत और सुरक्षित पंचायत, सुशासन युक्त पंचायत तथा महिला हितैषी पंचायत।
आगे उन्होंने बताया कि पंचायतों के समुचित मूल्यांकन हेतु पीएआई पोर्टल पर समय पर और सटीक डाटा अपलोड किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “यदि पंचायतों का कार्य अच्छा भी है, लेकिन पोर्टल पर दस्तावेज़ीकरण नहीं है, तो रैंकिंग में वे पीछे रह सकती हैं।”
अपने-अपने क्षेत्रों में पंचायत विकास में विशेष योगदान देने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत प्रमुख एवं मुखिया को किया गया सम्मानित
बरवाडीह प्रखंड विकास पदाधिकार एवं प्रमुख, चंदवा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रमुख, बरियातु प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रमुख, हेरहंज प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रमुख, लातेहार प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रमुख को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
मुखिया बोदा प्रखंड चंदवा को गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका युक्त पंचायत के लिए , मुखिया सलैया प्रखंड हेरहंज को स्वास्थ्य पंचायत के लिए, मुखिया चिरू प्रखंड हेरहंज को बाल हितैषी पंचायत के लिए, मुखिया छिपादोहर प्रखंड बरवाडीह को पर्याप्त जल वाला पंचायत के लिए, मुखिया चंदवा पश्चिम प्रखंड चंदवा को स्वच्छ एवं हरियाली युक्त पंचायत के लिए , मुखिया बेंदी प्रखंड लातेहार को अधोसंरचना से परिपूर्ण पंचायत के लिए, मुखिया साल्वे प्रखंड बरियातू को सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत के लिए, मुखिया फूलसू प्रखंड बरियातू को सुशासन वाला पंचायत के लिए, मुखिया लाधुप प्रखंड चंदवा को महिला हितैषी पंचायत के लिए, मुखिया मंगरा प्रखंड बरवाडीह को सभी थीम मे बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में PAI 1.0 संस्करण स्कोर कार्ड किताब का विमोचन किया गया। इस कार्यशाला का संचालन जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रेयांश के द्वारा किया गया। इनके द्वारा पीएआई की कार्यप्रणाली, तकनीकी स्वरूप, और इसके प्रभावी क्रियान्वयन से गहन रूप से अवगत कराया गया।
कार्यशाला में पंचायती राज विभाग से स्टेट मास्टर ट्रेनर मोहम्मद सजाद मजिद के द्वारा पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) की संरचना, मूल्यांकन प्रक्रिया और रिपोर्टिंग मापदंडों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।