LIVE PALAMU NEWS DESK : सोमवार की शाम रांची से दिल्ली जा रही रेडबर्ड एयरवेज की एयर एंबुलेंस चतरा जिले में क्रैश हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार गुप्ता भी शामिल थें। विमान ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 7:11 बजे उड़ान भरी थी।
7:34 बजे खराब मौसम के कारण पायलट ने मार्ग परिवर्तन की अनुमति मांगी। कुछ ही देर बाद विमान का रडार संपर्क टूट गया। बाद में मलबा सिमरिया थाना क्षेत्र के जंगल में मिला।

मूल रूप से बिहार के निवासी विकास गुप्ता पिछले कई वर्षों से रांची में रह रहे थें। वे रांची सदर अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के तौर पर कार्यरत थें। उनकी पत्नी एसबीआई की कचहरी शाखा में कार्यरत हैं। उनका एक 8 साल का बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। डॉ. गुप्ता मेडिकल इवैक्यूएशन मिशनों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनकी असामयिक मौत से चिकित्सा जगत में गहरा शोक है।
दिल्ली से जांच के लिए Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की टीम रवाना हुई है। ब्लैक बॉक्स और मौसम संबंधी कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।