लाइव पलामू न्यूज : जिले से बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां बिहार निवासी एक पोकलेन ड्राइवर जो कि वर्तमान में बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में रहता है ने एक आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। इधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने पोकलेन ड्राइवर को बांधकर पिटाई की।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। ड्राइवर को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया है। दरअसल, बिश्रामपुर के इलाके में मुसिखाप से नावाबाजार तक रोड निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य में शामिल कंपनी ने एक कैम्प बनाया है।

आरोप है कि ड्राइवर ने कैम्प के बगल से गुजर रही एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद नाबालिग ने पूरी घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को दी। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ड्राइवर को बंधक बनाकर जमकर पिटाई की।

बिश्रामपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार चौबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *