लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शनिवार को स्थानीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्मृति भवन में ग्रामीण विकास विभाग के पलाश-झारखंड लाईवलीहुड प्रोमोशन सोसाईटी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-सह-फूलो झानो आशीर्वाद सम्मेलन का आयोजन किया। मौके पर डीसी शशिरंजन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के समाज में दिए गए योगदान, उनके संघर्ष तथा उनके सामने आने वाले संघर्ष की दास्तान बताता है‌।

महिलाएं हम सभी के लिए खास हैं। प्रत्येक घरों में महिलाओं के संघर्ष की अपनी-अपनी कहानी है। उन्होंने कहा कि गुड गवर्नेंस व लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की अहम भूमिका है। वर्तमान समय में महिलाएं कहीं से भी कम नहीं हैं। पुरूषों के बराबर ही महिलाएं हर कार्य में भागीदार बन रही है, जो समाज के लिए अच्छा संकेत है।

महिलाओं की आत्मविश्वास व आगे बढ़ने की ललक से यह प्रतीत होता है कि उन्हें अवसर मिले, तो वे बुलंदियों पर पहुंचेगी। इस दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं के लिए भेजे गए संदेश को पढ़कर सुनाया। वहीं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सभी को शपथ दिलाई। इस दौरान फूलो झानो आर्शीवाद अभियान से संबंधित एक लघु फिल्म प्रसारित कर महिलाओं के विकास की कहानी को प्रदर्शित किया गया।

साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने के लिए आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, सीडीपीओ एवं महिला पर्यवेक्षिका को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने महिलाओं से तकनीकी एवं आर्थिक रूप से मजबूत होने एवं अपने घर व समाज के विकास के लिए निर्णायक की भूमिका में रहने का आह्वान किया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संबंध में बताते हुए कहा कि जानकारी सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा अवसर नहीं मिलता अगर अवसर मिला है, तो आगे बढ़ें।

महिला होना गर्व की बात : एसपी

वहीं एसपी ने रिष्मा रमेशन ने कहा कि महिला होना गर्व की बात है। विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार भी महिलाओं का काफी सहयोग कर रही है। उन्होंने सरकारी योजनाओं से अबतक नहीं जुड़ी महिलाओं को जोड़ने का कार्य करने का निर्देश दिया।‌ उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान में पुरूषों की भी भागीदारी होनी चाहिए।

समूह से जुड़कर महिलाएं सपनों को दे रही पंख : डीपीएम 

जेएसएलपीएस की डीपीएम अनिता केरकेट्टा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम से अवगत कराते हुए कहा कि लैंगिक समानता में तीव्र गति से कार्य करने का आह्वान किया गया है। सरकार महिलाओं को विभिन्न क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि पलामू जिले में 18990 समूह से जुड़कर महिलाएं अपने अपने सपनों को पंख दे रही हैं। उन्होंने लैंगिक भेदभाव आधारित महिला/किशोरी हिंसा तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता एवं रोकथाम के लिए विभिन्न स्तर पर प्रशिक्षण के माध्यम से जागरूकता लाया जा रहा है।

सशक्त समाज की पहचान हैं महिलाएं : नीता चौहान 

वहीं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने कहा कि महिलाओं का तीव्र गति से विकास हो रहा है। सशक्त समाज की पहचान है महिलाएं। सरकार की संचालित योजनाओं का लाभ पाकर महिलाएं मजबूत हो रही हैं तथा परिवार व समाज को दिशा दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *