लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शहर के प्रतिष्ठित मानवदेवी इंटर कॉलेज और डेडीकेटेड एकेडमी में कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर कॉलेज कैंपस को सुंदर ढंग से सजाया गया था और छात्रों ने अपने यादगार कॉलेज जीवन को लेकर भावुक पल साझा किए।
कार्यक्रम की शुरुआत मानव देवी डेडीकेटेड इंटर कॉलेज के सचिव इंजीनियर विनय कुमार मेहता, मानव देवी डेडीकेटेड इंटर कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर श्वेता कुमारी एवं कॉलेज की उप प्राचार्या पूनम पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात छात्राओं ने मधुर आवाज में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उसके बाद 11वीं की छात्राओं ने शानदार एवं मनमोहक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत किया जिससे कार्यक्रम में चार चांद लग गया। उसके बाद मुख्य अतिथि ने कहा कि बदलते पलामू के साथ आप भी अपने शिक्षा के प्रति सोच को सकारात्मक रूप में बदलकर दुनिया में अपना नाम रोशन कीजिए और अपने सपनों का उड़ान भरिए हम सभी शिक्षक आपके साथ आजीवन खड़े रहेंगे।

उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, “आप सभी हमारे कॉलेज की शान हैं। आपकी मेहनत और लगन से हमें विश्वास है कि आप जीवन में सफलता की ऊंचाइयों को छूएंगे।” उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने नृत्य, गायन, कविता पाठ और नाटक प्रस्तुत किए। 12वीं कक्षा के छात्रों ने अपने स् कॉलेज जीवन के अनुभव साझा किए और शिक्षकों को उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कॉलेज में बिताए अपने सुनहरे पलों को याद किया और अपने सहपाठियों के साथ भावनात्मक क्षणों को साझा किया। 11वीं के छात्रों ने वैज्ञानिक संदर्भ मे एक बेहतरीन नाटक प्रस्तुत किया। कॉलेज की एक छात्रा ने अपने कविता के माध्यम से पूरे कॉलेज के बारे में मनमोहक व्याख्या प्रस्तुत की।
मौके पर कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर श्वेता कुमारी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विदाई समारोह केवल एक औपचारिकता है, लेकिन जब तक आप अपने मंजिल तक पहुंच न जाएं, तब तक हमारे कॉलेज के साथ छात्रों का रिश्ता कायम रहेगा। उन्होंने यह भी कार्यक्रम में ऐलान किया कि आगामी होने वाली JEEmain,Neet जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी आप डेडीकेटेड कॉलेज के तहत आप कर सकते हैं।
कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षकगणों ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कॉलेज की उप प्राचार्या पूनम पांडे ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि, “जीवन में कठिन परिश्रम और ईमानदारी से सफलता प्राप्त की जा सकती है।” उन्होंने छात्रों को अपने शानदार भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और कहा कि आपके बेहतर भविष्य के लिए कॉलेज के सभी शिक्षक आपके साथ हमेशा खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया गया। शिक्षकों ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।