लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शुक्रवार को पलामू प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा सेवानिवृत्त हो गये। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयुक्त के आवासीय परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।मौके पर आयुक्त ने कहा कि अपने कार्यालय के पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रमंडल क्षेत्र के पलामू, लातेहार एवं गढ़वा जिले के पदाधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते रहे हैं, इससे प्रमंडल विकास की राह पर है।

यहां के आमलोग भी विकास के कार्यों में सहभागी बनते रहे हैं। उन्होंने आयुक्त कार्यालय की पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं सकारात्मक प्रयास से विकास कार्यों में गति आई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में कुलपति के रूप में भी वे कार्यरत रहे। वहां की टीम भी काफी कॉपरेटिव है। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताया।
वहीं गढ़वा उपायुक्त ने आयुक्त के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आयुक्त का सरल स्वभाव काम करने की ऊर्जा को बढ़ाता है। वे हमेशा से पदाधिकारी एवं कर्मचारियों के बीच तालमेल बनाकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते रहे हैं। पलामू प्रमंडल में इनके कार्याे की हमेशा सराहना की जायेगी। इनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विकास के कई कार्य हुए हैं।
विदाई समारोह में आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव मनीष कुमार सहित आयुक्त कार्यालय, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार कार्यालय, प्रमंडलीय जनसंपर्क कार्यालय, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक कार्यालय के पदाधिकारी एवं सभी कर्मी एवं विश्वविद्यालय की ओर से कुल सचिव डॉ. शैलेश मिश्र, कुलानुशासक डॉ. केसी झा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. रवि शंकर , सहायक कुल सचिव रजी खान, कुलपति के पीए राजीव मुखर्जी, कुल सचिव कार्यालय के वेद प्रकाश शुक्ला आदि उपस्थित थें।