सतबरवा: प्रखंड क्षेत्र के किसानों में इस समय खाद की किल्लत को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। समय पर खाद उपलब्ध न होने के कारण किसान बेहाल हैं। लगातार बारिश के बाद किसानों ने धान की रोपाई पूरी कर ली है, लेकिन अब यूरिया खाद की भारी कमी से परेशान हैं।

किसानों का कहना है कि बाजार में मनमाने दाम पर खाद बेचा जा रहा है और कुछ दुकानदार किसानों का दोहन कर रहे हैं। इससे किसान आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर हैं। प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों के किसानों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
समाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रखंड स्तर पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या को लेकर सोमवार को पलामू उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि जल्द ही झारखंड सरकार द्वारा खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा।