Honor killing in Koderma : कोडरमा से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां मरकच्चे इलाके में एक 17 वर्षीय युवती की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान निभा कुमारी के रूप में हुई है। इतना ही नहीं उसके शरीर को दो टुकड़ों में काट कर अलग-अलग छिपा दिया गया था। निभा के परिजनों ने थाने में उसके प्रेमी के खिलाफ अपहरण और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

ऑनर किलिंग का है मामला:-
पुलिस की जांच में यह सामने आया कि मामला ऑनर किलिंग का है। निभा की हत्या उसके पिता और दो भाईयों ने मिलकर की है। साथ ही शव को छिपा दिया है। हत्या की वजह था युवती का प्रेम-प्रसंग।
उसके पिता व दोनों भाई उसके प्रेम प्रसंग के खिलाफ थें। इधर घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस ने निभा के पिता मदन पांडेय और भाई नीतीश पांडेय व ज्योतिष कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव भी बरामद हो चुका है। बता दें कि निभा की हत्या 2 फरवरी को की गई थी।
घरवालों ने स्कूल जाना करवाया बंद
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि निभा 17 साल की थी और वह 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसका एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार वालों ने उसका स्कूल जाना बंद करा दिया था। साथ ही घर के भीतर भी उसके साथ सख्ती किया जाने लगा।
शव को छुपाया बालू में
इन सबके बावजूद युवती किसी ना किसी बहाने अपने प्रेमी से मोबाईल पर बात कर लिया करती थी। इसी बात को लेकर उसके पिता और भाईयों ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके शरीर को दो टुकड़ों में काट दिया।
निभा के शरीर के दो टुकड़े करने के बाद उसके पिता व भाईयों ने अलग-अलग जगह पर उसका शव बालू में छिपा दिया। जिससे किसी को इसका पता ना चले। परिवार के लोगों पर हत्या का शक ना हो इस कारण परिजनों ने मरकच्चो थाना में प्रेमी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई।
जब मामले की तहकीकात शुरु हुई तो मामला ऑनर किलिंग का निकला। जिसके बाद पुलिस ने युवती के पिता व दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर लिया।