CRIME NEWS/मेदिनीनगर : जिले से हैरान करनेवाली घटना सामने आई है। दरअसल, मोहम्मदगंज थाना में जिस लड़की की हत्या की शिकायत दर्ज करवाई गई थी, उसे पुलिस ने राजस्थान के अजमेर से जिंदा मुक्त कराया है। राजस्थान कोर्ट में प्रस्तुत करने के बाद लड़की को पलामू के मोहम्मदगंज लाया गया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला निवासी लड़की की शादी पलामू के मोहम्मदगंज थाना निवासी युवक के साथ आठ अक्टूबर को हुई थी। इसी बीच 7 दिसंबर को लड़की के ससुर ने स्थानीय थाना को सूचना दी कि उनकी बहू गायब है। जबकि सोनभद्र के रहने वाले लड़की के पिता ने पूरे मामले में हत्या की आशंका जाहिर करते हुए ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया।

लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को छुपाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच कर नवविवाहिता को राजस्थान के अजमेर से बरामद कर लिया।

इस संबंध में मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि लड़की राजस्थान के अजमेर में अपने दोस्त के पास रह रही थी। लड़की के परिजनों ने पूरे मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए अपहरण समेत अन्य धाराओं में एफआईआर करवाया था। लड़की जिस दोस्त के पास थी, उस लड़के के साथ उसकी दोस्ती शादी से पहले से थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *