मेदिनीनगर : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातू पंचायत अंतर्गत चपरना गांव में मंगलवार की सुबह पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया है। युवती की पहचान मालती कुमारी, पिता धोताल भुइयां के रूप में हुई है।आशंका व्यक्त की जा रही है कि सोमवार रात्रि में उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है।

पुलिस को शव गांव के ही उसके घर के पिछवाड़े एक शीशम के पेड़ के नीचे से मिला। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि हत्या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई हो सकती है।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
क्या कहते हैं परिजन :
मालती के परिजनों के अनुसार, वह सोमवार रात लगभग 11 बजे तक घर पर ही थी। उसके बाद क्या हुआ, इसका कोई अंदाज़ा नहीं है। जानकारी के अनुसार मृतका के पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं और मां लकवे से ग्रस्त हैं, जिससे परिवार की स्थिति पहले से ही दयनीय थी।
घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।मामले की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट : प्रेम पाठक