लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। दरअसल, रेहला थाना क्षेत्र के केतात में लहसुन के खेत से एक महिला का शव बरामद किया गया है। मृतका के गले में गहरे जख्म के निशान हैं। मृतका की पहचान श्वेता उर्फ रूबी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतका के करीबी रिश्तेदार समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि 2020 में श्वेता ने रेहला के इलाके के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। लेकिन पति से विवाद होने के बाद वह वापस मायके लौट गयी थी। परिजनों के थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार श्वेता बुधवार की रात अपने घर से बाहर निकली थी। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। जिसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
गुरुवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित लहसुन के खेत से श्वेता का शव बरामद किया गया। जिसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही के इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान और प्रभारी थाना प्रभारी दीप नारायण मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुट गये। पुलिस ने पूछताछ के लिए महिला के करीबी रिश्तेदार और एक पड़ोसी को हिरासत में लिया है।
इस संबंध में रेहला के प्रभारी थाना प्रभारी दीप नारायण ने बताया कि पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि शव देखकर लग रहा है कि महिला की हत्या की गई है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के पश्चात ही कारणों का खुलासा हो पाएगा।