सतबरवा (पलामू): एनएच-39 रांची–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात्रि करीब 10:30 बजे खामडीह के समीप एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि जब तक दमकल की गाड़ियाँ पहुंचती, ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि चालक समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक में आग लगने की शुरुआत टायर फटने से हुई, जिससे आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक को आग लगने का आभास तक नहीं हुआ, लेकिन लोगों के शोर मचाने पर वह सतर्क हुआ और कूद गया।
थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि ट्रक रेणुकूट से ब्लीचिंग पाउडर लोड कर रांची जा रही थी। चालक से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।