लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: रविवार को वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर जिले के पण्डवा गांव में स्थित राजहरा नॉर्थ (सेंट्रल और ईस्टर्न) कोयला खदान के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उल्लेखनीय है कि राजहरा नॉर्थ कोयला खदान की नीलामी 2021 में किया गया था। यह परियोजना फेयरमाइन कार्बन्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की गई है और समय से पहले अपने संचालन की शुरुआत कर रही है।


इस कोयला खदान से राज्य सरकार को 2128.56 करोड़ रुपये की कुल राजस्व प्राप्ति होगी, जिसमें 102.276 करोड़ राजस्व की प्राप्ति प्रतिवर्ष होगी जो राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेंगी। इस खदान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 550 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा । कंपनी द्वारा सड़क निर्माण, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, और शिक्षा सुविधाओं को विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। इस खदान से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे पलामू और आसपास के इलाकों में आर्थिक उन्नति होगी।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा, राजहरा नॉर्थ कोयला खदान झारखंड के विकास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह परियोजना न केवल राजस्व में वृद्धि करेगी, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। झारखंड सरकार उद्योगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हम ऐसी परियोजनाओं का स्वागत करते हैं जो राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान करेंगी।

कार्यक्रम में पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम, फेयरमाइन कार्बन्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर समीर लोहिया समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *