लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले में चौकीदार बहाली का रिजल्ट घोषित किया जा चुका है। चौकीदार पद पर 125 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जबकि 11 अभ्यर्थियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए कार्यपालक दंडाधिकारी विक्रम आनंद को प्राधिकृत नियुक्त किया गया है। बताते चलें कि पलामू में चौकीदार के 155 पदों के लिए बहाली की घोषणा की गई थी।

जिसमें अनारक्षित वर्ग के लिए 78, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 13, अनुसूचित जनजाति के लिए 30, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 10 और पिछड़ा वर्ग के लिए 24 सीटें आरक्षित थीं। जिला में चौकीदार बहाली में गड़बड़ी की शिकायत पर उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में जांच टीम बनाई गई थी। टीम ने जांचोपरांत 25 जनवरी को रिपोर्ट जारी किया है।
इस रिपोर्ट के अनुसार बहाली प्रक्रिया में आठ अभ्यर्थियों ने दौड़ में दूसरे को दौड़ाया। दो अभ्यर्थी आधे दौड़ के बाद बाहर हो गया था। इसके अलावा एक अभ्यर्थी वीडियो जांच में शामिल नहीं हुआ है। गड़बड़ी करने वाले सभी अभ्यर्थियों पर प्राथमिकी करने की आदेश जारी कर दिया गया है।
अपनी जगह दूसरे को दौड़ाने वाले अभ्यर्थियों में सुरेंद्र कुमार, दिनेश चौधरी, विवेक कुमार यादव, मनोहर यादव, संदीप कुमार यादव, आनंद कुमार, विकास यादव और अरविंद यादव का नाम शामिल है। वहीं रवींद्र साहू और प्रियांशु शेखर तिवारी दौड़ के बीच से ही वापस लौट गये। सुरेंद्र उरांव दस्तावेज जांच के दौरान मौजूद नहीं था।