लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा : जिले से बेहद दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, रंका प्रखंड के एक पटाखा दुकान में अचानक आग लगने से तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। घटना की पुष्टि गढ़वा एसपी दीपक पांडे ने की है। सभी शव को छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज अस्पताल के शव गृह में रखा गया है। गढ़वा जिले के झारखंड -छत्तीसगढ़ पटाखा दुकान में आग कैसे लगी इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है।

धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरे बाजार में दहशत मच गई। वहां के लोगों ने किसी तरह पांचों लोगों को आनन फानन में अस्पताल भेजा, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में
कुश कुमार उम्र 46 वर्ष, अजित केशरी उम्र 36 वर्ष, सुशीला करकेटा उम्र 15 वर्ष, प्रियांश उम्र 10 साल, श्रेयांश 8 वर्ष का नाम शामिल है।

रंका एसडीपीओ ने बताया कि घटना ग्यारह से बारह बजे दिन की है, सभी को इलाज के लिए छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज अस्पताल लाया गया था, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया।

घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *