लाइव पलामू न्यूज़/मेदिनीनगर: रविवार को पोंची पंचायत के लेदवाखांड गांव में एक बच्चा खेलने के दौरान भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में औरंगा नदी के बीच फंस गया। उसने एक चट्टान का सहारा लेकर अपने आप को बचाया। वहीं उसे बचाने गए चार बच्चे भी बाढ़ में नदी के बीचों बीच फंस गए। यह खबर देखते ही देखते जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और नदी के किनारे देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाढ़ की उग्रता को देखते हुए नदी में उतरने की किसी की हिम्मत नही हुई। लोगों ने इसकी सूचना पदाधिकारियों को दी जिसके बाद सतबरवा थाना प्रभारी अंचित कुमार सदल बल घटनास्थल पहुंचे और बच्चों को निकालने का भरसक प्रयास किया।काफी मशक्कत के बाद भी पुलिस की कोई तरकीब काम न आई। थक हारकर लोग बाढ़ का पानी कम होने का इंतजार करते दिखे। कई घंटों के बाद फंसे बच्चों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद ही तैरकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।नदी में फंसे सभी बच्चे लेदवाखांड के ही बताए जाते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *