लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विगत दिनों एमएमसीएच से एक विचाराधीन कैदी ऋषिकेश कुमार दुबे फरार हो गया था। फरार होने के 24 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सेंट्रल जेल के विचाराधीन कैदी के फरार होने के मामले में पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी कर रही है।

इस पूरे मामले में पलामू सेंट्रल जेल के प्रभारी जेलर आशीष कुमार के आवेदन के आधार पर मेदिनीनगर टाउन थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। मेदिनीनगर टाउन थाना की पुलिस ऋषिकेश दुबे की संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बता दें कि ऋषिकेश दुबे हत्या के एक मामले में दिसंबर 2023 से पलामू सेंट्रल जेल में बंद था। टीबी की बीमारी एवं सांस लेने की तकलीफ के कारण उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया था। जहां शुक्रवार को वह हाथ मुंह धोने के बहाने फरार हो गया।

इस संबंध में पलामू एएसपी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में ड्यूटी पर तैनात जवानों से भी रिपोर्ट ली जा रही है। गौरतलब है कि ऋषिकेश दुबे के ससुर रिटायर्ड सेना के जवान हैं और पलामू सेंट्रल जेल की सुरक्षा में तैनात हैं।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना:-

ऋषिकेश दुबे के भागने की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी जांच के दौरान यह भी पता चला है कि कैदी वार्ड में ऋषिकेश दुबे के पास मोबाइल था। भागने से पहले उसने मोबाइल से बातचीत की। बातचीत के कुछ ही मिनट के बाद बाइक सवार दो युवक कैदी वार्ड के बाहर खड़े थें। जैसे ही वह कैदी वार्ड से भागा दोनों युवक ऋषिकेश दुबे को बाइक पर बिठा कर फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *