लातेहार : रविवार को वन विभाग की टीम के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, पीटीआर इलाके में पेड़ों की कटाई कर पटरा बनाने वाले लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की अवैध लकड़ी जब्त की है। रेंजर नंदकुमार महतो ने इसकी पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि वन विभाग का छापेमारी अभियान अभी जारी है। बताया जा रहा है कि वन विभाग को सूचना मिली थी कि पीटीआर के बारेसांड वन क्षेत्र स्थित नवाटोली गांव और उसके आसपास कुछ इलाकों में लकड़ी की अवैध कटाई की जा रही है। वहीं गांव के कुछ लोग पेड़ को काटकर पटरा बना रहे हैं।

सूचना पर फॉरेस्टर परमजीत तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। जब टीम ने नवाटोली गांव स्थित सूबेदार लकड़ा और सुबोध खाखा के घर में छापेमारी की तो वहां से बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद हुई। जांच के दौरान यह भी पता चला कि गांव के ही भकरू मुंडा द्वारा लकड़ी की चिराई की जा रही थी।

हालांकि वन विभाग की टीम के आने से पहले ही भकरू मुंडा फरार हो गया। वन विभाग की टीम ने दोनों घरों में छापेमारी कर सभी लकड़ी जब्त कर ली है। बरामद लकड़ियों में सखुआ, शीशम, बीया, सेमल आदि की लकड़ी शामिल है। इधर, वन विभाग को यह भी जानकारी मिली है कि कई अन्य ग्रामीण भी अवैध लकड़ी की तस्करी में लगे हुए हैं। जिसके बाद वन विभाग का छापेमारी अभियान जारी है।

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ ग्रामीणों के द्वारा लकड़ी की कटाई की जा रही है। जब टीम ने नवाटोली गांव में छापेमारी की तो वहां से अवैध लकड़ी बरामद की गई। विभाग का छापेमारी अभियान जारी है। छापेमारी अभियान पूरा होने के बाद बरामद लकड़ियों की सूची तैयार की जाएगी। जंगल से लकड़ी काटने वालों के खिलाफ वन विभाग पूरी तरह गंभीर है, किसी भी सूरत में लकड़ी तस्करों को छोड़ नहीं जाएगा।

रेंजर नंदकुमार महतो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *