लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ऊपरी कला गांव में चार दिन के नवजात की मौत हो गयी है। नवजात की मां ने नवजात की हत्या का आरोप अपने पति पर लगाया है। महिला का कहना है कि बच्चे के पिता ने नवजात का गला दबाकर बच्चे की जान ले ली। इस संबंध में महिला ने हुसैनाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिसके बाद पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना 30 दिसंबर की शाम 4:30 बजे की बतायी जा रही है। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि बच्चे की मां अपना बयान बार- बार बदल रही है। कभी इंजेक्शन देने की बात कह रही है तो कभी दवा मिला देने का आरोप लगा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आ जाएगी।

क्या है मामला:-
बिहार के औरंगाबाद जिले के बनिया थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी गौरव पाठक की पत्नी गुंजन मिश्रा ने बताया कि वह गर्भवती थीं। ट्रेन से अपने पति के साथ वह जपला अपने नाना श्याम बिहारी मिश्रा के घर ऊपरी कला गांव आ रही थीं। इसी दौरान जपला स्टेशन पहुंचते ही उसे लेबर पेन शुरू हो गया। जिसकी सूचना उन्होंने अपने नाना को दी। सूचना पर नाना उन्हें ऊपरी कला गांव में एक निजी क्लिनिक में ले गए। जांच के बाद वह वहां से अपने नाना घर चली गयीं। अगले दिन उनकी तबीयत बिगड़ने पर उसी क्लिनिक में उन्हें ले जाया गया, जहां नॉर्मल डिलीवरी हुई। जिसके बाद वह अपने नाना के घर लौट आयीं। 30 दिसंबर को उनके बच्चे को गला दबाकर मार दिया गया।
गुंजन ने बताया कि जब बच्चे के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई तो वह जपला के निजी क्लिनिक में बच्चे को लेकर पहुंचीं तो डॉक्टर ने कहा कि इसे घर ले जाएं। जिसके बाद वह अपने बच्चे को लेकर हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचीं। जहां चिकित्सकों ने उसे देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में कर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। इधर महिला के द्वारा शिकायत के बाद पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।