गढ़वा :  शुक्रवार को जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां जिला मुख्यालय से सटे नवादा गांव में शुक्रवार की सुबह सेप्टिक टैंक में उतरने के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सगे भाई और गांव का एक मिस्त्री शामिल है। मृतकों की पहचान मोती चौधरी के पुत्र अजय चौधरी (50), चंद्रशेखर चौधरी (42), राजू शेखर चौधरी (55) और मल्टू राम के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि राजू शेखर चौधरी के घर में बने नए सेप्टिक टैंक का ढक्कन खोलने और सफाई का काम किया जा रहा था। सबसे पहले मल्टू राम नीचे उतरे और वापस नहीं लौटे। उन्हें देखने के लिए क्रम से राजू शेखर, अजय और चंद्रशेखर भी टैंक में गए, लेकिन चारों जहरीली गैस की चपेट में आ गए।

ग्रामीणों ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। आनन फानन में सभी को गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

इधर घटना की सूचना पर एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ नीरज कुमार और थाना प्रभारी बृज कुमार सदल बल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हुई है। हादसे के बाद नवादा गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *