मेदिनीनगर : सामुदायिक पुलिस पहल के तहत पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देशानुसार मनातू थाना परिसर के नए भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में 11वीं एवं 12वीं कक्षा (विज्ञान संकाय) के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षा की शुरुआत की गई। इस कक्षा में गणित और रसायन विज्ञान विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन थाना प्रभारी मनातू द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर थाना के पदाधिकारी, स्थानीय समाजसेवी, स्थानीय मीडिया कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

उद्घाटन के उपरांत छात्रों को रसायन विज्ञान की पहली कक्षा दी गई। वर्तमान में यह कोचिंग प्रत्येक रविवार को आयोजित की जाएगी, हालांकि विद्यार्थियों ने आग्रह किया कि इसे प्रतिदिन चलाया जाए ताकि वे स्कूल जाने से पूर्व भी इसका लाभ उठा सकें।

इस पहल का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, उनके व्यक्तित्व विकास में सहयोग देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही, प्रत्येक माह गार्जियन मीटिंग आयोजित कर बच्चों के घर-परिवार में बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने पर भी बल दिया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सुबह के समय फुटबॉल खेल का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि शारीरिक और बौद्धिक दोनों ही स्तर पर बच्चों का विकास हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *