लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिला जल एवं स्वच्छता समिति की ओर से उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी शशि रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाकर उपायुक्त ने जिले में “स्वछता ही सेवा,कचरा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित किया जायेगा।

अभियान के दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न घटकों के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम,गांव एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई,स्वच्छता कर्मियों के लिए हेल्थ चेकअप शिविर,दीवाल लेखन एवं चित्रण,स्वच्छता चौपाल आदि गतिविधियों का संचालन किया जायेगा।इसके साथ ही समुदाय को अपने गांव को ओडीएफ प्लस मॉडल बनाने के लिए जन भागीदारी,अपशिष्ट प्रबंधन के उपायों को अपनाने एवं उपयोगिता शुल्क संग्रहण के प्रति विशेष रूप से उत्प्रेरित किया जाएगा।

इस वर्ष स्वभाव स्वच्छ्ता,संस्कार स्वच्छ्ता को थीम बनाया गया है।इसके तहत सभी सार्वजनिक स्थलों,स्कूलों,विभिन्न कार्यालय में अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।इस अभियान में सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति पर विशेष रूप से जोर दिया जाएगा। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत गांव में कूड़ा-कचरा को हटाने, प्लास्टिक अपशिष्ट को साफ करने, नालियों की साफ-सफाई,नदी पोखर, पईन एवं अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ बनाने हेतु सफाई अभियान का संचालन किया जाएगा जहां ज्यादा आवागमन वाले स्थलों यथा-बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन,सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों,हाट-बाजारों पर भी साफ-सफाई अभियान का संचालन किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी विभागों को आपस में समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाने की बात कही।

मौके पर मेदिनीनगर नगर आयुक्त जावेद हुसैन,उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद,डीएसओ प्रीति किस्कु,सिविल सर्जन डॉ अनिल,एनडीसी,पेयजल विभाग के विभिन्न सहायक अभियंता,स्वच्छ भारत मिशन के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र दुबे व मनोज राम समेत अन्य उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *