GHIBLI STYLE IMAGE : इन दिनों Ghibli Style फोटो ट्रेंड सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। AI की मदद से लोग अपनी तस्वीरों को एनीमे स्टाइल में बदल रहे हैं। यह मनोरंजन का जरिया बन गया है। लेकिन इस ट्रेंड के पीछे डिजिटल प्राइवेसी से जुड़े गंभीर खतरे हैं जिसे लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है। अगर आप भी अपनी निजी तस्वीरें अपलोड कर रहे हैं तो इससे पहले सोचें कि क्या यह पूरी तरह सुरक्षित हैं? ऐसा न हो कि आज की मस्ती कल आपके लिए मुसीबत बन जाये।

Ghibli Style जैसे AI टूल्स न केवल तस्वीरों को एडिट करते हैं, बल्कि कई मामलों में इन्हें अपने डेटाबेस में सेव भी कर लेते हैं। इसका मतलब है कि आपकी अपलोड की गई तस्वीरें इन प्लेटफॉर्म्स के सर्वर पर स्टोर हो सकती हैं और AI मॉडल को ट्रेंड करने के लिए इस्तेमाल भी की जा सकती हैं। बता दें कि आप किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपनी निजी तस्वीरें डालते हैं, तो यह पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता।
कई AI इमेज जनरेशन टूल्स डेटा स्टोरेज और यूजर प्राइवेसी को लेकर पारदर्शी नहीं होते, जिससे यह अंदाजा लगाना मुश्किल होता है कि इन तस्वीरों का इस्तेमाल किस प्रकार किया जाएगा। साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार इस तरह के ट्रेंड फेशियल डेटा स्टोरेज को बढ़ावा देते हैं, जो भविष्य में डीपफेक, पहचान की चोरी और अन्य साइबर अपराधों का भी कारण बन सकता है।
सुरक्षा के लिए फॉलो करें ये रुल्स :-
सिर्फ विश्वसनीय और सुरक्षित AI टूल्स का इस्तेमाल करें।
अपनी पहचान को सुरक्षित रखने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) का इस्तेमाल करें।
किसी भी AI टूल पर तस्वीर अपलोड करने से पहले उसकी शर्तों और डेटा नीतियों को समझें।
सुनिश्चित करें कि आपकी तस्वीरें सार्वजनिक रूप से शेयर नहीं हो रही हैं।
पर्सनल, फैमिली या किसी भी पहचान योग्य तस्वीर को AI टूल्स में अपलोड करने से बचें।