पलामू में शुरू हुआ डिजिटल सफर, ‘जुगनू राइडिंग ऐप’ से अब हर यात्रा होगी आसान
मेदिनीनगर : रविवार को शहर में शुरू किए गए “जुगनू राइडिंग ऐप” का शुभारंभ भव्य समारोह के साथ किया गया। उद्घाटन के अवसर पर जिले के कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा झारखंड प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रथम मेयर अरुणा शंकर, पूर्व उपाध्यक्ष मनोज सिंह, जेएमएम जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा, प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह, माटी कला बोर्ड के सदस्य अविनाश देव, समाजसेवी सोनू सिंह नामधारी, भाजपा नेता आशीष भारद्वाज, वार्ड पार्षद मधु ओझा, तथा जुगनू राइडिंग ऐप के पलामू-गढ़वा प्रोपाइटर रमाकांत पांडेय और नितेश तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर व फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद सैकड़ों संख्या में जुड़े बाइक, ऑटो, टोटो और ई-रिक्शा चालकों ने शहर भ्रमण रैली निकाली। इस दौरान ट्रैफिक प्रभारी समाल अहमद की देखरेख में सभी चालकों ने नियमों का पालन करते हुए रैली में भाग लिया।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने की सराहना
मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद भाजपा महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि पहले इस तरह के ऐप्स केवल बड़े शहरों में देखने को मिलते थे, लेकिन अब पलामू के लोगों को भी तकनीक के माध्यम से बेहतर और सुविधाजनक यातायात सेवा का लाभ मिलेगा।
प्रथम मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि आज नगर निगम क्षेत्र के सौ से अधिक लोग नए रोजगार के माध्यम से जुड़ रहे हैं। यह मेदिनीनगर के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि यह ऐप लोगों को न केवल सुविधा देगा, बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी उपयोगी साबित होगा।
पूर्व उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने “जुगनू राइडिंग ऐप” को रोजगार, सुविधा और सुरक्षा का संगम बताया। उन्होंने कहा कि देश डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ रहा है और अब पलामू के युवाओं ने भी यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी महानगर की मोहताज नहीं।
जेएमएम जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने कहा कि यह पहल आत्मनिर्भर झारखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
पूर्व डिप्टी मेयर मंगल सिंह ने कहा कि इस ऐप से स्थानीय ऑटो, टोटो और बाइक चालकों को सीधा रोजगार मिलेगा, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और नागरिकों को सुरक्षित व भरोसेमंद सेवा मिलेगी।
माटी कला बोर्ड के सदस्य अविनाश देव ने इसे जिले के युवाओं की नवाचार भावना का उदाहरण बताया। वहीं भाजपा नेता आशीष भारद्वाज ने कहा कि जुगनू ऐप अब पलामू और आसपास के लोगों के लिए सुलभ, सस्ता और सुरक्षित परिवहन विकल्प बनेगा।
समाजसेवी सोनू सिंह नामधारी ने कहा कि जुगनू राइडिंग ऐप नाम जितना सुंदर है, उतना ही उपयोगी भी। जैसे अंधेरे में जुगनू रोशनी देता है, वैसे ही यह ऐप यात्रियों और युवाओं दोनों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहरवासी, चालक संघ के सदस्य और युवा उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार प्रकट किया तथा ऐप के सफल संचालन का संकल्प लिया।