लातेहार : मंगलवार को उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” एवं “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के सफल संचालन हेतु समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई।


यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक चलाया जायेगा। बैठक में पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गयी। आगामी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान का मुख्य फोकस मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और टीबी उन्मूलन पर रहेगा।

इन गतिविधियों के माध्यम से आम जनों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने तथा स्वास्थ्य शिविरों में मरीजों की समुचित स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।

सिविल सर्जन ने अभियान से संबंधित बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण की समीक्षा, किशोरियों में एनीमिया की स्क्रीनिंग एवं उपचार के साथ-साथ पोषण, आहार और मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल दीपक महतो ने बताया गया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। इस दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत निर्धारित कैलेंडर के अनुरूप अलग-अलग तिथियों पर संचालित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई।

मौके पर उप विकास आयुक्त ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जेएसएलपीएस, पंचायती राज, सहित अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करने एवं अधिकारियों को गतिविधियों से संबंधित फोटोग्राफ नियमित रूप से पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लातेहार को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, डीपीएम जेएसएलपीएस , वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *