पलामू : गुरुवार को हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कौआखोह सतभूरवा पुल के समीप एनएच–139 (फोरलेन) पर हुए भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

मृतक की पहचान गढ़वा जिले के झुरा गांव निवासी 65 वर्षीय अरुण तिवारी के रूप में हुई है। हादसे में घायल लोगों में मृतक की पत्नी इंदु देवी, पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तोलरा गुड़ी भंडार निवासी विजय कुमार पांडेय, सरोज देवी और सुनीता देवी शामिल हैं। वहीं स्कॉर्पियो में सवार सोनी देवी इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो (जेएच 14 डी 2252) छतरपुर की ओर से आ रही हाइवा ट्रेलर (बीआर 24 जीबी 6211) के पीछे चल रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से अचानक एक अज्ञात बाइक सामने आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में हाइवा चालक ने वाहन को बाईं ओर मोड़ दिया, जिससे हाइवा के अगले हिस्से से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सक ने अरुण तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं विजय कुमार पांडेय और सरोज देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घायल विजय कुमार पांडेय ने बताया कि सभी लोग अपने एक रिश्तेदार के घर औरंगाबाद में आयोजित जन्मोत्सव पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। घटना की सूचना पर हरिहरगंज थाना के सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।